लखनऊ। विभूतिखंड इलाके में शहीद पथ पर समिट बिल्डिंग के पास बुधवार सुबह कंटेनर में तेज रफ्तार ट्रक घुस गया। वहीं उसकेपीछे चल रही कार भी भिड़ गई। हादसे में ट्रक चालक अंकित पाल (32) की मौत हो गई। ट्रक को काटकर शव निकाला गया। वहीं कार सवार तीन लोग घायल हो गए। इस दौरान करीब तीन घंटे तक एक तरफ का यातायात बाधित रहा।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड डॉ. आशीष मिश्रा के मुताबिक ,कानपुर रोड से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे कंटेनर में घुस गया। इस बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार भी डीसीएम से भिड़ गई। चीख-पुकार सुन दौड़े राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पुलिस ने गैस कटर से ट्रक का केबिन काटकर उसमें फंसे चालक को निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार सवार तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, ट्रक चालक की पहचान कानपुर देहात के तिलियानी मनड़ा निवासी अंकित पाल के रूप में हुई है।
शहीद पथ पर लगीं वाहनों की लंबी कतारें
हादसे के कारण शहीद पथ पर सुबह करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। एक के पीछे एक वाहन टकराने और हादसे में तीन के घायल होने व एक की मौत के बाद जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी। हादसे के बाद पुलिस को यातायात संचालित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं करीब तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। वहीं पुलिस के मुताबिक, एक लेन पर आवाजाही रोक कर राहत कार्य किया गया जिसके कारण दिक्कतें नहीं हुई।