फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा एक्सप्रेस वे पर ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 20 घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात करीब तीन बजे पारा-काकोरी थाने की सीमा पर तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली पर बैठे 20 मजदूर चोटिल हो गए। सभी कन्नौज से बाराबंकी के महादेवा में एक पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार के बुलाने पर मजदूरी करने जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भर्ती कराया। सात की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं 11 का इलाज रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, ट्रक के बारे में पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन

उन्नाव के मंगला मारा गांव निवासी लाखा सिंह पीडब्ल्यूडी में ठेकेदार हैं। उनको हाल ही में बाराबंकी के महादेवा में ठेका मिला था। इस काम के लिए लाखा सिंह ने अपने गांव के आसपास के गांव पडोखर केशई, मारा नगरा, तरा रामपुर व तेरवा से 25 मजदूरों को बुलाया था। सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर रविवार को निकले थे। रात में रेउरी टोल प्लाजा के पास मजदूरों ने खाना खाया। इसके बाद बाराबंकी के लिए निकले थे। रात करीब तीन बजे आगरा एक्सप्रेस वे पर पारा-काकोरी सीमा पर बड़ागांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंची थी। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली दो चक्कर घूमकर खड़ी हो गई। इस दौरान सभी मजदूर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। किसी तरह चालक संजय ने कुछ लोगों को उठाया। इसके बाद एंबुलेंस सेवा और पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी। एसीपी काकोरी आशुतोष कुमार के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। चालक की तलाश की जा रही है। घायलों के परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है।
पीआरवी पहुंची लेकिन एंबुलेंस सेवा का नहीं उठा कॉल
संजय के मुताबिक, देर रात उसने हादसे की सूचना शुरूआत में एंबुलेंस सेवा 108 पर दी। कई बार कॉल करने के बाद भी फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पारा थाने की पीआरवी मौके पर पहुंच गई। जिस पर कमांडर संजय सिंह यादव तैनात था। संजय सिंह यादव भी कन्नौज के नगला तेज का ही रहने वाला है। उसका गांव घायलों के गांव के पास है। संजय ने कॉल कर तीन एंबुलेंस बुलाईं। इसके बाद सभी को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दो को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। वहीं 11 को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। उधर सात की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया।
विज्ञापन

घायलों की सूची
प्रभारी निरीक्षक पारा दधिबल तिवारी के मुताबिक, घायलों में शिवकुमार, सुभाष चंद्र, मेवा लाल, रतिभान, चंद्रभान, शेरा, रामकिशोर, अजय, सुनील, फूलचंद, नरेंद्र, कल्लू, राजीव, गुड्डू, कृष्णचंद्र, रजत, धीरू पाल, अरविंद, पुष्पेंद्र, राजवीर, राजेश और सोनू पाल शामिल हैं। इनमें से शिव कुमार, सुभाष चंद्र, अज्ञात, मेवालाल, रतिभान, चंद्रभान, शेरा सहित सात की हालत गंभीर है। इनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें