रामसनेहीघाट तहसील क्षेत्र में आयोजित दंगल में दांव आजतातेपहलवान।
रामसनेहीघाट। क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय पारंपरिक दंगल का शुभारंभ उत्साह और रोमांच के साथ हुआ। पहले दिन के मुकाबले में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ नेपाल के नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और अदम्य साहस का प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अखाड़े में जोश, जुनून और परंपरागत कुश्ती का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसके गवाह हजारों दर्शक बने।
दंगल की शुरुआत सोमवार को हरदोई के रामशंकर पांडेय और टिकरिया, बाराबंकी के हरिशंकर यादव के बीच हुई पहली कुश्ती से हुई। कड़े मुकाबले में हरिशंकर यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इसके बाद, जम्मू-कश्मीर के भूरा पहलवान ने हरियाणा के शमशेर सिंह को चित्त कर सभी को चौंका दिया। तीसरी कुश्ती में हरियाणा के नरेश पहलवान ने पंजाब के सोनू पहलवान के खिलाफ दमदार जीत दर्ज की।
महिला पहलवानों का जलवा और इनामी कुश्ती
इस दंगल का एक विशेष आकर्षण महिला पहलवानों की कुश्ती रही, जिसमें गोंडा की शिवांगी और हरियाणा की सपना पहलवान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। शिवांगी ने अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए बाजी मारी। वहीं, पंजाब के बिक्की पहलवान ने मेरठ के मोनू पहलवान को परास्त किया। दिन की सबसे रोमांचक और चर्चित 5100 रुपये की इनामी कुश्ती राजस्थान के सोनू पहलवान और नेपाल के लकी थापा के बीच खेली गई। दोनों पहलवानों के बीच लंबे समय तक चले संघर्ष के बाद लकी थापा विजयी रहे, जिस पर पूरा अखाड़ा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
दो दिवसीय दंगल का आयोजन अनुभव विश्वकर्मा ने किया है। दंगल का शुभारंभ हनुमानगढ़ी के महंत बाबा बलराम दास ने किया। कहा कि दंगल क्षेत्र की पारंपरिक खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का एक उत्कृष्ट माध्यम है। इस मौके पर राहुल सिंह, ग्राम प्रधान आशीष मिश्रा, सोनू सिंह, राजेश, चंदरेश, लवकेश, सूरज सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना की।