लखनऊ। दुबग्गा में बृहस्पतिवार को वर्चस्व की जंग में 30 अज्ञात लोगों ने कार सवार दो दोस्तों को डंडों से पीट दिया। पीड़ित ने किसी तरह जान बचाकर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि दुबग्गा में हाजी कॉलोनी गद्दी बगिया निवासी मो. अदनान की कुछ लोगों से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। बृहस्पतिवार को दोपहर में मो. अदनान कार से घर जा रहे थे। उनके साथ दोस्त अब्दुल रहमान भी था। अदनान का आरोप है कि घर के पास 30 अज्ञात लोगों ने असलहे के साथ उन्हें रोक लिया। आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर आरोपियों ने दोनों को कार से खींचकर बाहर निकाला और बुरी तरह से पीटा। पिटाई में अब्दुल के कपड़े फट गए। दोनों पीड़ित किसी तरह से खुद को छुड़ाकर कार में बैठे और थाने आने लगे। ऐसे में आरोपियों ने उनकी कार में तोड़फोड़ वार किए और थाने तक पीछा किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही हैं। पुलिस की एक टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।