खालसा इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में महापौर व अन्य।
लखनऊ। महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि बच्चे की पहली शिक्षिका मां होती है, लेकिन उसके सर्वांगीण विकास में शिक्षक अहम भूमिका निभाते हैं। वे श्री गुरु रामदास जी महाराज के प्रकाश पर्व और लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 27वें स्थापना दिवस पर बुधवार को खालसा इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में बोल रही थीं। अवसर पर मेधावियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि महापौर ने कहा कि विश्व पटल पर देश का नाम रोशन करने वाले अंतरिक्ष यात्री सुधांशु शुक्ला ने भी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुओं को दिया। स्वच्छता रैंकिंग में इस बार लखनऊ तीसरे नंबर पर रहा, यह पूरे शहर का सम्मान है। उन्होंने आग्रह किया कि यह शहर हम सबका है, इसे स्वच्छ रखिए। प्लास्टिक का इस्तेमाल कम से कम कीजिए।
एलजीपीसी अध्यक्ष और खालसा इंटर कॉलेज के प्रबंधक सरदार राजेंद्र सिंह बग्गा, पार्षद सुशील तिवारी, गिरीश मिश्रा व तजिंदर सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेटों और कराटे में राष्ट्रीय स्तर पर कॉलेज का नाम रोशन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया।
लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महामंत्री व कार्यकारी अध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी ने एलजीपीसी के 27 वर्षों के सफर व उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि पीलीभीत में 3000 सिखों का जबरन धर्म परिवर्तन किया गया था। उन्होंने स्वयं वहां प्रयासरत रहकर 1000 सिखों की घर वापसी कराई। पार्षद लालकुआं सुशील कुमार तिवारी (पम्मी), मंजीत सिंह दुआ, खालसा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह, उप प्रधानाचार्य नीरज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। संचालन शिक्षक वीके श्रीवास्तव ने किया।