गोरखपुर में ट्रांसपोर्टनगर चौराहे से देवरिया बाईपास तिराहा होते हुए पैडलेगंज की तरफ छह लेन फ्लाईओवर का निर्माण तथा अतिरिक्त फोरलेन द्वारा देवरिया बाईपास की रोड की तरफ जोड़ने के लिए फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी गई है। इस प्रस्ताव को सोमवार को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन के माध्यम से मंजूरी दी गई। इन दोनों कार्यों की लागत 429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये है।
अमानगढ़ बाघ संरक्षण फाउंडेशन के गठन को मंजूरी
प्रदेश सरकार ने कैबिनेट बाई सर्कुलेशन के माध्यम से अमानगढ़ बाघ संरक्षण फाउंडेशन के गठन को मंजूरी दे दी। इस फाउंडेशन के बनने से अमानगढ़ टाइगर रिजर्व का तेज गति से विकास हो सकेगा। केंद्र सरकार से अधिक वित्तीय सहायता मिलने से ईको टूरिज्म भी तेजी से बढ़ेगा। टाइगर रिजर्व में सुरक्षा कर्मी समेत अन्य कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जा सकेगी।