प्रदेश कैबिनेट ने वित्त वर्ष 2015-16 के बजट मसौदे पर मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री 24 फरवरी को विधानसभा में बजट पेश करेंगे। इसके अलावा सूबे में दूसरी मेडिकल यूनिवर्सिटी सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई (इटावा) में बनाने को भी हरी झंडी दे दी।
कैबिनेट ने एक अहम फैसला खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत सात सदस्यीय खाद्य सुरक्षा आयोग को मंजूरी देकर किया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में बुधवार को प्रदेश कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें कई महत्वपूर्ण फैसले हुए। प्रदेश में वर्तमान में किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी है। दूसरी यूनिवर्सिटी सैफई में खोलने को मंजूरी दी।
सैफई में पहले से मेडिकल कालेज है। एक अन्य फैसले से खाद्य सुरक्षा अधिनियम को लागू करने के लिए खाद्य सुरक्षा आयोग का गठन हो सकेगा। सरकार ने राजस्व निरीक्षकों के 1308 नए पदों का सृजन करते हुए लेखपालों की पदोन्नति का रास्ता साफ कर दिया।
इसके अलावा अस्पतालों में डाक्टरों की समस्या को देखते हुए सरकार ने डाक्टरों की रिटायरमेंट उम्र 55 साल करने को मंजूरी दे दी है।