मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 2019-20 सत्र के लिए 600 सीटों पर प्रवेश की मान्यता दे दी है। एमसीआई ने गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ग्रेटर नोएडा, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद, अयोध्या, बहराइच, शाहजहांपुर और बस्ती को 100-100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी है। इन कॉलेजों में पहली बार एमबीबीएस में प्रवेश होंगे। पांच मेडिकल कॉलेजों की मान्यता का एमसीआई ने नवीनीकरण कर दिया है।
प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में करीब 1990 एमबीबीएस की सीटें हैं। ग्रेटर नोएडा, फिरोजाबाद, अयोध्या और बस्ती को 100-100 सीटों की मान्यता मिलने से ये संख्या बढ़कर 2590 हो जाएगी। ग्रेटर नोएडा मेडिकल कॉलेज को 2018-19 में निरीक्षण के बाद एमसीआई ने मान्यता देने से इनकार कर दिया था।
महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा प्रो. केके गुप्ता ने बताया कि उम्मीद है कि अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी सीटों की भी मान्यता जल्द मिल जाएगी। इन नए मेडिकल कॉलेजों के अलावा प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर, आगरा, झांसी के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में 210 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया है। दूसरे चरण में 2020-21 में मिर्जापुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, गाजीपुर, प्रतापगढ़, हरदोई, एटा व फतेहपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में सत्र शुरू करने की तैयारी है।