कोरोना को लेकर गाइडलाइन जारी होने के बाद लखनऊ का इमामबाड़ा गुरुवार को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। लॉकडाउन में बंद किए जाने के करीब छह महीने बाद लोगों ने इस ऐतिहासिक इमारत में चहलकदमी की।
इमारत में प्रवेश के पहले मुख्य द्वार पर पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई जिसमें तापमान सामान्य पाए जाने के बाद भी उन्हें अंदर जाने दिया गया। इस दौरान पर्यटक बिना मास्क के सैर करते हुए नजर आए। हालांकि, टोंकने पर उन्होंने मास्क पहना।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि ऐतिहासिक इमारतों में कहीं भी पर्यटकों की भीड़ न लगे, इसके लिए खास हिदायत दी गई है।
उन्होंने बताया कि पर्यटकों के लिए कैफेटेरिया व पार्किंग शुल्क का भुगतान डिजिटल माध्यम से होगा।
बता दें कि शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को सोमवार को खोला जाना था लेकिन ऐसा न हो सका। जिससे इमारतें देखने आए पर्यटकों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।