छात्र को गोली मारने वाले की निशानदेही पर अवैध रिवाॅल्वर बरामद
लखनऊ। गोमतीनगर सि्थत एसआरएस मॉल में रेट्रो कैफे में मारपीट व फायरिंग करने वाले आरोपी मनीष तिवारी को गोमतीनगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को सात घंटे की कस्टडी रिमांड पर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हुसड़िया से ग्वारी जाने वाले मार्ग पर रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों से घटना में इस्तेमाल अवैध रिवाॅल्वर और एक कारतूस बरामद किया है।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 23 मार्च को बीसीए छात्र चिनहट दयाल रेजीडेंसी निवासी शिर्वाचन सिंह को वर्चस्व की लड़ाई में गोली मार दी गई थी। गोली उनके बाएं कंधे पर लगी थी। उनके साथी अभिनव शुक्ला ने साजन मिश्रा, मनीष तिवारी, ऋषभ राय, हर्षित राय, प्रवीण गोस्वामी, विपिन, विनोद पांडेय और छह अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपी मनीष व आकाश को गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी आरोपियों की तलाश कर रह है।