लखनऊ। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार सुबह अंबेडकर नगर, मालवीय नगर, कल्बे आबिद व ऐशबाग वार्ड का निरीक्षण किया। यहां कई जगह सफाई व्यवस्था सही नहीं मिली। इस पर उन्होंने जोनल अफसरों को फटकार लगाई और काम में लापरवाही पर वेतन काटने के भी निर्देश दिए। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, कांग्रेस पार्षद दल नेता ममता चौधरी, स्वच्छता प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष सुनील मिश्र मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री को नींबू पार्क के पास अवैध फूल मंडी चलती मिली। यहां लोगों ने उन्हें बताया कि कुछ लोग अवैध वसूली भी करते हैं। मंत्री ने मंडी हटाने व अवैध वसूली करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। नींबू पार्क स्थित सामुदायिक शौचालय में सफाई ठीक मिली। अब्दुल अजीज रोड चौपटिया मुख्य मार्ग पर जमा सिल्ट, मौरंग-बालू हटाने एवं सफाई कराने के लिए कहा।
संदोहन देवी मंदिर के पास व पड़ाव घर के पास एकत्र गंदगी व कूड़ा मिलने पर अफसरों की फटकार लगा कूड़ा हटाने का बात कही। पार्षद अनुराग मिश्रा ने मंत्री को बताया कि कूड़ा प्रबंधन का काम करने वाली कंपनी रोज कूड़ा नहीं उठाती है। इससे कूड़ा दो दिन तक पड़ रहता है। इसके लिए रुपये लेती है। मंत्री ने जोनल अफसर से कहा, एजेंसी रोज कूड़ा उठाए व मॉनिटरिंग भी की जाए। ऐशबाग वार्ड में स्थित कूड़ा घर एवं शौचालय की भी मरम्मत कराने को कहा। सभी जोनल अधिकारी अपने जोन में नियमित निरीक्षण करें।
दो जोनल अफसरों को पड़ी फटकार, एक का कटेगा वेतन
प्रभारी मंत्री ने सफाई व्यवस्था सही न कराने पर नगर निगम के जोन-6 के जोनल अधिकारी मनोज कुमार की क्लास लगाई। साथ ही एक दिन का वेतन काटने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया। जोन-2 की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी को फटकार लगा सफाई व्यवस्था में सुधार को कहा। नालियों से अतिक्रमण हटा उसकी सफाई कराई जाए। बाजार खाला में पुल के नीचे मुख्य मार्ग में जल रहे कूड़े को देखकर नाराजगी जाहिर की। यहां नाली पर एलटी पैनल को तत्काल हटाने व जाम नाली की सफाई के निर्देश दिए।