इंदिरा नगर क्षेत्र में शुक्रवार को नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने दौरा किया था तो स्थानीय लोगों ने यहां संचालित अवैध डेयरियों की शिकायत की थी। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद शनिवार को नगर निगम की टीम ने प्रवर्तन दल व पुलिस संग अभियान चलाया। विरोध के बीच 26 भैंस और 10 गायें पकड़ी गईं। इस दौरान डेयरी वालों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की भी की मगर पुलिस की मौजूदगी में उनकी एक न चली। नगर निगम की टीम ने शनिवार को इंदिरा नगर क्षेत्र के कुर्मांचल नगर, सर्वोदय नगर, तिलक नगर और इस्माइलगंज में संचालित अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई की। तिलक नगर में तो एक पतली गली में कई डेयरियां चलती मिलीं। इनकी वजह से पूरी गली में गंदगी थी। लोगों को आने-जाने में िदक्कत हो रही थी। शनिवार को जब नगर निगम की टीम मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद राव की अगुवाई में पहुुंची तो डेयरी वालों ने विरोध शुरू कर दिया। भैंस को दस्ते से छुड़ाने के लिए डेयरी वालों ने धक्का-मुक्की भी की जिस पर पुलिस ने उनको खदेड़ा। अभियान में पकड़ी गईं भैंसें और गायों को छुड़ाने के लिए नगर आयुक्त के पास कई पार्षदों और प्रभावशाली लोगाें ने फोन भी किया मगर उन्हें छोड़ा नहीं गया।
36 गायें-भैंसें पकड़ीं, 12 हजार रुपये प्रति मवेशी लगेगा जुर्माना
नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद राव ने कहा कि अभियान में जो 26 भैंसे व 10 गायें पकड़ी गई हैं, उनको छोड़ा नहीं गया है। उच्च स्तर से फैसला होने के बाद ही उनको छोड़ा जाएगा। एक भैंस-गाय का जुर्माना 12 हजार रुपये है और प्रतिदिन के हिसाब से एक हजार रुपये और बढ़ता जाता है। यह तभी छोड़ी जाएंगी जब नगर आयुक्त का आदेश होगा और डेयरी वाले यह शपथ पत्र देंगे कि वह अब वहां पर डेयरी नहीं चलाएंगे।
आगे भी चलेगा अभियान
नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरविंद राव ने बताया कि अवैध डेयरियों के खिलाफ लगातार अभियान चलेगा। जो डेयरी वाले हटाए जाने के बाद फिर दोबारा आ रहे हैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आबादी के अंदर डेयरी चलाना प्रतिबंधित है।