लखनऊ। शमन मानचित्र स्वीकृत कराने में टालमटोल कर अवैध निर्माण को बढ़ावा देने वाले बिल्डरों और भवन स्वामियों के खिलाफ एलडीए ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को गोमती नगर विस्तार में अभियान चलाकर ऐसे बिल्डरों के 10 अवैध निर्माण सील किए गए।
जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि कुछ बिल्डर शमन मानचित्र के लिए ऑनलाइन आवेदन तो कर देते हैं, लेकिन फिर आगे की प्रक्रिया में दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं और प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखते हैं। गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1, 4, 5, 6 व खरगापुर में नरेंद्र अग्रहरि, मनीष सिंह, सुधा सिंह, जितेंद्र सिंह, मानस मिश्रा, मयंक गुप्ता, जयंत यादव, सुनील कुमार जायसवाल, सुनीता सिंह, जितेंद्र कुमार शुक्ला व अन्य के 10 अवैध निर्माणों को सील किया गया। इनमें आवासीय भू-उपयोग में संचालित कार वर्कशॉप, अपार्टमेंट, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स समेत अन्य भवन शामिल हैं।