लखनऊ। रोज की तरह एलडीए के इंजीनियरों ने बृहस्पतिवार को भी अवैध रूप से बनाए जा रहे काॅम्प्लेक्स और मकानों को सील किया। यह इमारतें तब सील की गईं जब इनमें सिर्फ फिनिशिंग का काम बचा है।
अलीगंज सेक्टर-ई में मशहूर नेत्र चिकित्सक रजत ढेसी के मकान नंबर एचआईजी 30 को जिसमें क्लीनिक चल रही थी उसे तोड़कर दोमंजिला निर्माण किया गया। करीब एक वर्ष से यह निर्माण चल रहा था, मगर एलडीए के इंजीनियरों को दिखा नहीं। जब बिल्डिंग तैयार हो गई, तब बृहस्पतिवार को उसे सील कर दिया गया।
चिनहट के मल्हौर, नूरपुर में भी एलडीए के इंजीनियरों ने आसरा सोसाइटी में कॉम्प्लेक्स और दूसरी जगह पर रो हाउस तब सील किए जब वह बनकर तैयार हो गए। शहीद पथ के पास बरौना गांव में 35 बीघा में अनंत कृष्ण इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विकसित की जा रही काॅलोनी पर कार्रवाई तब हुई, जब प्लाटिंग हो गई।
...इधर नगर निगम का भी यही हाल
नगर निगम संपत्ति विभाग व तहसील की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को गांव उत्तरधौना, रसूलपुर कायस्थ, लौलाई और बिजनौर में करीब चार हेक्टेयर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इसकी कीमत करीब 40 करोड़ है। यह भी कार्रवाई तब हुई, जब प्राॅपर्टी डीलरों ने जमीन को प्लाटिंग कर बेच दिया और उस निर्माण शुरू हो गया।