भारत को लेकर बदले दुनिया के नजरिये और निवेश की बेहतर संभावना का असर आईआईटी कैंपस सेलेक्शन में दिख रहा है। अब तक हुए आईआईटी के कैंपस सेलेक्शन में जबरदस्त इजाफा दर्ज किया गया। पहली बार आईआईटी कानपुर के 10 विद्यार्थियों को सालाना एक करोड़ रुपये से ज्यादा का वेतन पैकेज मिला है।
अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी ओरेकल ने बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के तीन विद्यार्थियों को सालाना 1.25 करोड़ रुपये का वेतन पैकेज दिया है, जो अब तक का इतिहास है।
आईआईटी मुंबई, रुड़की, चेन्नई, गुवाहाटी और दिल्ली के विद्यार्थियों को भी सालाना एक करोड़ रुपये वेतन पैकेज की नौकरी मिली है। आईआईटी वाराणसी के एक विद्यार्थी को सालाना 2.03 करोड़ रुपये का वेतन पैकेज मिला है, जो सभी आईआईटी में सर्वाधिक है।
देश की आठ पुरानी आईआईटी के कैंपस सेलेक्शन का सारा रिकॉर्ड टूट गया है। नौ दिनों (1-9 दिसंबर तक) के कैंपस प्लेसमेंट से ही 50 फीसदी से ज्यादा विद्यार्थियों को नौकरी मिल चुकी है।
कैंपस प्लेसमेंट के लिए आईआईटी कानपुर के 1290 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें 700 से ज्यादा को नौकरी मिल चुकी है।बहुराष्ट्रीय कंपनी ओरेकल, सैमसंग कोरिया और फजीरॉजिक्स ने बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 10 विद्यार्थियों को सालाना एक-एक करोड़ रुपये से ज्यादा का वेतन पैकेज दिया है। न्यूनतम और अधिकतम वेतन पैकेज में भी बढ़ोत्तरी हुई है।
फ्लिपकार्ट ने 20 विद्यार्थियों का कैंपस सेलेक्शन किया है। कंपनी हर विद्यार्थी को सालाना 91.50 लाख रुपये का वेतन पैकेज देगी। एक्सल सर्विसेज ने 38 विद्यार्थियों को सालाना 55-55 लाख रुपये का वेतन पैकेज दिया है। सिंगापुर की एक कंपनी ने 5 विद्यार्थियों को 70-70 लाख रुपये का वेतन पैकेज दिया है।