देश भर के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में प्रवेश के लिए होने वाली जेईई मेन का परिणाम मंगलवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जारी कर दिया। इसमें लखनऊ के श्रेयस लोहिया ने 100 परसेंटाइल अंक हासिल कर राज्य स्तर पर टॉप किया है, जबकि लखनऊ में गोमतीनगर के रहने वाले अथर्व ने 95.95 परसेंटाइल अंक हासिल कर परिवार का मान बढ़ाया। एनटीए की ओर से जारी परिणाम में देश भर में 14 अभ्यर्थियों ने जेईई मेन में 100 परसेंटाइल हासिल किए हैं। इसमें राजस्थान से पांच और उत्तर प्रदेश से दो अभ्यर्थी हैं। जबकि बाकी अन्य दूसरे राज्यों से हैं। जेईई मेन का आयोजन 22 से 30 जनवरी के बीच किया गया था। अब एडवांस की परीक्षा मई में प्रस्तावित है।
टाइम टेबल बनाकर की पढ़ाई
अभी मैं बारहवीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा हूं। जेईई मेन के दौरान हर दिन 16 से 18 घंटे पढ़ाई की। उसका परिणाम ये रहा कि 100 परसेंटाइल अंक मिले। समय का सदुपयोग किया। स्कूल के बाद घर में टाइम टेबल के मुताबिक, पढ़ाई करता था। आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस से बीटेक करना चाहता हूं। मेंस के बाद अब मेरा लक्ष्य एडवांस है, जिसके लिए अलग स्ट्रैटजी से पढ़ाई कर रहा हूं। मेरे पिता गजेंद्र लोहिया भी दुग्ध संघ में इंजीनियर हैं, जबकि भाई आईआईटी रुड़की से बीटेक कर रहा है।-
श्रेयस लोहिया, 100 परसेंटाइल
घंटों के बजाय चैप्टर तय किए
अपनी मेन परीक्षा में घड़ी घंटों को गिनने के बजाय विषयवार चैप्टर पढ़े। इससे समय का बोझ नहीं हुआ और सभी चीजें कवर भी हुईं। परिणाम संतोषजनक है। अब एडवांस के लिए तैयारी करने के साथ ही इंटरमीडिएट की परीक्षा की तैयारी कर रहा हूं। पिता जयंत कुमार और मां सीमा गुप्ता व्यवसायी हैं। देश की टॉप छह आईआईटी में दाखिला पाने का सपना है।
- अथर्व गुप्ता