माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। आईआईएम लखनऊ ने प्लेसमेंट के मोर्चे पर मजबूत प्रदर्शन किया है। पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम (पीजीपी) के 40वें तथा एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट (पीजीपी-एबीएम) के 21वें बैच के छात्रों ने देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों में प्रतिभा का परचम लहराया। वर्ष 2026 के अंतिम प्लेसमेंट सत्र में संस्थान के 559 विद्यार्थियों को 580 से अधिक नौकरी प्रस्ताव हासिल हुए हैं। अधिकतम घरेलू पैकेज एक करोड़ रुपये प्रतिवर्ष रहा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च पैकेज 65 लाख रुपये प्रतिवर्ष दर्ज किया गया।
प्लेसमेंट प्रक्रिया हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई, जिसमें एक्सेंचर, अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, बीसीजी, डेलॉइट, गोल्डमैन सैक्स,पीडब्ल्यूसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज जैसी दिग्गज कंपनियों समेत 200 से अधिक भारतीय और विदेशी कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंसल्टिंग, फाइनेंस, जनरल मैनेजमेंट, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, सेल्स एवं मार्केटिंग, ऑपरेशंस, रिटेल और ई-कॉमर्स जैसे क्षेत्रों में छात्रों को नियुक्तियां मिलीं।