लखनऊ। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण तथा संस्कृत भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘संस्कृतात्मा’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शिक्षण प्रसारक संस्था, संगमनेर की ओर से संचालित संगमनेर महाविद्यालय (नई दिल्ली) में आयोजित संस्कृतात्मा सम्मान समारोह में दिया गया। इस अवसर पर प्रो. वरखेड़ी ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और उन्नत ज्ञान-विज्ञान की आधारशिला है। विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. सर्व नारायण झा ने बताया कि प्रो. वरखेड़ी को सम्मान स्वरूप 51,000 रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।