लखनऊ। डिजिटल जनगणना के तहत ऑनलाइन स्वगणना का काम बृहस्पतिवार शाम समाप्त हो गया। अब शुक्रवार से घर-घर गणना का काम होगा। डीएम विशाख जी ने बताया कि इसके लिए कर्मचारियों, अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जो अनुपस्थित रहेंगे, उनका मई का वेतन रोक दिया जाएगा।
डीएम ने कहा कि जनगणना में हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है, ताकि सही आंकड़ों के आधार पर योजनाएं बनाई जा सकें। उन्होंने बताया कि 21 मई तक चले स्वगणना अभियान के तहत जिले में 1,05,267 लोगों ने ऑनलाइन स्वगणना पूरी कर ली है। 6,652 लोगों ने प्रक्रिया शुरू की है। जिले में कुल 9,101 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स चिह्नित किए गए हैं। डीएम ने बताया कि स्वगणना के दौरान नागरिकों को जो 11 अंकों की एसईआईडी जारी की गई है, उसका इस्तेमाल सत्यापन के समय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) के तहत घर-घर गणना कार्य 22 मई से शुरू होगा।