लखनऊ। घरों, दुकानों, संस्था के परिसर में छतों, गमलों, कूलरों में पानी जमा होने से मच्छर पनपने के हालात दिखे तो नगर निगम की टीमें 500 रुपये जुर्माना वसूलेंगी। यह स्थिति बनी रही तो 20 रुपये प्रतिदिन की दर से अतिरिक्त जुर्माना भी लिया जाएगा।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शहर में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया से बचाव के लिए नगर निगम सख्त कदम उठा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीके श्रीवास्तव ने बताया कि यह नियम किरायेदारों, मकान मालिकों, दुकानदारों, संस्थानों, निर्माण स्थलों पर समान रूप से लागू होगा। इसके लिए नगर निगम की टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं। बताया कि सभी 110 वार्डों में फॉगिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव और नालियों की सफाई करवाई जा रही है। नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, जोनल सेनेटरी अधिकारी व एसएफआई स्तर पर अभियान की निगरानी हो रही है। जहां बारिश के कारण फॉगिंग में बाधा आ रही है, वहां दो-चार दिनों में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।