लखनऊ। श्रीश्याम निशानोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को ऐशबाग के तिलकनगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में भजन गायकों ने प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान किया। जमघट म्हारे श्याम का... थीम पर सजे तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन रविवार को श्री श्याम सतरंगी ध्वजा शोभायात्रा निकाली जाएगी जो बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू श्याम धाम मंदिर तक जाकर संपन्न होगी।
श्री श्याम ज्योत मंडल की ओर से भजन संध्या के दूसरे दिन लव अग्रवाल ने मन की बातां सांवरिया से आज बताकर देख लो..., तेरा किसने किया शृंगार सांवरे... भजन गाकर भक्ताें को भावविभोर कर दिया। अरविंद सहल ने ऐ श्याम तेरे हम जबसे दीवाने हो गए, कीर्तन की रात आज थारो आनो है..., संजय शर्मा ने किसी की नैया का मांझी बन जाता है, वो अंगुली पकड़ता है, रास्ता दिखलाता है..., वो भाव है मेरे भजन में, दुख दूर हो जाए, मैं गाऊं तो वो आने को मजबूर हो जाए... जैसे भजनों से माहौल को भक्तिरस से भर दिया।
उत्सव के अंतिम चरण में भक्तों ने बाबा श्याम के संग रंग-बिरंगे फूलों की होली खेली गई। श्याम ज्योत मंडल ने भजन गायकों व उत्सव में अपनी सेवाएं देने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सुरेश कंछल, मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल, मुकेश अग्रवाल, सचिन कंछल, मोती कंछेल, योगेंद्र, विवेक, सक्षम, मोहित, निश्चल, वासु, श्रेयस, राजरानी अग्रवाल, साक्षी समेत बड़ी संख्या में श्याम भक्त मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भजन गाते सक्षम, विवेक गोयल, योगेंद्र, अनुपम मित्तल और राजरानी। -अमर उजाला