लखनऊ। शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल की ओर से जयपुर में आयोजित स्मार्ट इंडिया हैकाथान-2022 में इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) बीटेक थर्ड ईयर के विद्यार्थियों की टीम राष्ट्रीय विजेता घोषित की गई है। छात्रों ने परीक्षाओं के ऑटोमेशन को लेकर दी गई प्रॉब्लम का बेस्ट सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन दिया है। इसके लिए उन्हें एक लाख रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
आईईटी निदेशक प्रो. विनीत कंसल ने बताया कि यह 36 घंटे नॉन स्टॉप चलने वाली हैकथॉन थी। इसका परिणाम शुक्रवार को देर शाम घोषित किया गया। टीम का नेतृत्व कर रहे हर्षित चौरसिया ने बताया कि सोशल पावर जस्टिस विभाग की परीक्षाओं की आंसर-की में होने वाली गड़बड़ी व अटेंडेंस आदि को लेकर आने वाली समस्याओं पर समाधान मांगा था। इसमें हमारी टीम ने सॉफ्टवेयर में बेस्ट सॉल्यूशन दिया है।
उन्होंने बताया कि टीम में प्रतीक पाल, उत्कर्ष पांडेय, आरुषि सिंह, मोहक श्रीवास्तव और उत्कर्ष अग्रवाल शामिल थे। सभी के संयुक्त प्रयास से यह सफलता मिली है। आईईटी निदेशक प्रो. विनीत कंसल ने बताया कि हैकथॉन में विभिन्न स्तर के टेस्ट के बाद विद्यार्थियों की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान लाकर गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।