बहुजन समाज को हर क्षेत्र में आरक्षण मिलना चाहिए। समाज को अभी बहुत लड़ाई लड़नी है। ये बात बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लखनऊ में बीएस-4 की रैली के दौरान कही। उन्होंने कहा, मैं आरके चौधरी के निमंत्रण पर इस रैली में आया हूं। वह कांशीराम और बाबा साहब की नीतियों को आगे बढ़ा रहे हैं।
हालांकि उन्होंने लखनऊ जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और कहा, जिला प्रशासन ने काफी अड़ंगेबाजी की। साथ ही सपा पर निशाना साधते हुए कहा, लखनऊ में लोहिया के विचारों की बात करने वाले लोग बैठे हैं, लोहिया की बात करने वालों ने मुझे रोका।
नीतीश कुमार ने रैली में पहुंचते ही कहा, छत्रपति शाहू जी की जयंती पर मैं सबसे पहले इस रैली स्थल की धरती को प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा, बड़ी जद्दोजहद के बाद यहां पहुंच पाया हूं। बता दें कि नीतीश कुमार को लखनऊ पहुंचने के तीन घंटे बाद रैली में पहुंचने का मौका मिला, उन्हें जिला प्रशासन ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस में रोक लिया था।