लखनऊ। पारा के सरोसा भरोसा मोड़ के पास किराये पर रहने वाले हाइड्रा चालक जोगेंद्र यादव (20) का शव रविवार सुबह घर से 500 मीटर दूरी पर मौंदा मोड़ के पास प्लॉट में पेड़ से लटका मिला। पुलिस का दावा है कि जोगेंद्र ने आत्महत्या की है, पर कारण का पता नहीं चल सका।
मूल रूप से मैनपुरी के किशनी लेगाव गांव निवासी जोगेंद्र यादव ममेरे भाई अमित के साथ रहकर हाइड्रा गाड़ी चलाने का काम करते थे। रविवार सुबह उनका शव हाइड्रा में प्रयोग होने वाले पट्टे के सहारे पेड़ से राकेश रावत के प्लॉट में लटका मिला। खबर पाकर ममेरा भाई अमित व पुलिस भी पहुंच गई।
इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि जोगेंद्र ने आत्महत्या की है। मैनपुरी से आए उनके परिजनों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस को शक है कि जोगेंद्र ने प्रेम-प्रसंग में जान दी है। उनके परिवार में मां कमला देवी और एक भाई हैं। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। (संवाद)