लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में दवाओं की लोकल खरीद अब नई फर्म से होगी। नए टेंडर में 15 वर्ष से दवाओं की आपूर्ति कर रही फर्म बाहर हो गई है। नई फर्म अब पहले से अधिक सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराएगी। यह बदलाव गरीब मरीजों और अस्पताल प्रशासन के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
बीते 15 वर्ष से दो ही फर्म (हजरतगंज के पार्क रोड व नरही स्थित फर्म हैं) बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु अस्पतालों में दवाओं की लोकल खरीद का टेंडर पाती थीं, जो ब्रांडेड दवाओं पर 10.5% और जेनेरिक पर 41% छूट दे रही थीं। मगर इस बार नई फर्म को ठेका मिला है, जो ब्रांडेड दवाओं पर 19% और जेनेरिक दवाओं पर 47% की छूट देगी। बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि नई व्यवस्था से अस्पताल में भर्ती होने वाले गरीब मरीजों को निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।