लखनऊ। बीकेटी के नवी कोट नंदना में पति के खाना खराब बनने की बात कहने से आहत शिवानी शर्मा (21) ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
इंस्पेक्टर संजय सिंह के मुताबिक लखीमपुर खीरी की शिवानी शर्मा दिसंबर 2024 से पति दीपक के साथ नवी कोट नंदना में रह रही थीं। दीपक ने बताया कि दो-तीन दिनों से खाने को लेकर उनकी शिवानी से कहासुनी हो रही थी। रविवार रात वह पत्नी के साथ खाना खा रहे थे। तभी उन्होंने शिवानी से खाना खराब बनने की बात कह दी। इसे लेकर फिर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों सो गए। रात ढाई बजे दीपक की आंख खुली तो उन्होंने देखा कि शिवानी पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी। दीपक ने ससुर जगदंबा को घटना की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। इंस्पेक्टर के मुताबिक शिवानी के घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।