आईएएस अधिकारी थमीम अंसरिया ए. के पति को लंबी मशक्कत के बावजूद यूपी काडर नहीं मिल सका। इसके बाद थमीम को अपने पति के साथ सेवा के लिए थर्ड काडर के रूप में आंध्र प्रदेश जाना पड़ा। शासन के नियुक्ति विभाग ने थमीम को आंध्र प्रदेश काडर में ज्वाइनिंग के लिए कार्यमुक्त कर दिया है।
तमिलनाडु में चेन्नई की रहने वाली थमीम अंसरिया ए. यूपी काडर की 2015 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। थमीम के पति मंजीर जिलानी समून जम्मू-कश्मीर के रहने वाले और 2012 बैच के नागालैंड काडर के आईएएस अधिकारी हैं।
थमीम अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को पति-पत्नी के एक साथ सेवा के अवसर का लाभ लेते हुए पति मंजीर को यूपी काडर में लाना चाहती थीं। मंजीर ने इसके लिए केंद्र सरकार के समक्ष आवेदन किया। केंद्र ने प्रदेश सरकार की सहमति के लिए इसे भेज दिया।
जानकार बताते हैं कि थमीम ने पति को यूपी काडर आवंटित किए जाने के संबंध में प्रदेश की ओर से केंद्र को अनापत्ति (एनओसी) भेजने के लिए खूब प्रयास किए। सभी सक्षम स्तर के अधिकारियों से मिलकर पैरवी की। लेकिन, महीनों तक आश्वासन दिए जाने के बावजूद मंजीर को यूपी काडर आवंटित किए जाने के लिए अनापत्ति नहीं दी गई।