एक व्यक्ति ने अवैध संबंध के शक में सोते वक्त अपनी पत्नी की बांके से गला काटकर हत्या कर दी। बेटी बचाने दौड़ी तो उस पर भी हमला बोल दिया मगर वह किसी प्रकार बच निकली और शोर मचाने लगी। इस पर आरोपी भाग गया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सूचना पर एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
घटना खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बराहेमा के मजरा बड़ेरिया दरगाही की है। गांव निवासी अलगू चौधरी उर्फ लिचड़ी पुत्र लुल्लुर ने बुधवार भोर पांच बजे चारपाई पर सोते समय अपनी पत्नी सरोज कुमारी (40) की बांके से गला काटकर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी। अलगू ने पत्नी के गले पर बांके से पांच-छह बार वार किया।
ये देख बेटी रोशनी मां को बचाने दौड़ी तो बेरहम अलगू ने उसे भी मारने के लिए दौड़ा लिया। इसमें रोशनी के हाथ की अंगुली में चोट लगी। वह शोर मचाते हुए बाहर भागी तो गांव के लोग आ गए। इस बीच अलगू मौके से भाग निकला। खबर पाकर पुलिस वहां पहुंच गई। ग्रामीणों ने बताया कि अलगू को शक था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध है। इसी वजह से उसने पत्नी को मार डाला।