लखनऊ। राजधानी में शनिवार को उमस भरी गर्मी ने बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बिगाड़ दी। सामान्य दिनों की तुलना में बिजली की मांग 15 से 20 फीसदी बढ़ गई, जिससे एबी केबल और एलटी पेटी की लीड जलने के साथ ही 11 हजार वोल्ट फीडर व ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज उड़ने की घटनाएं दोगुनी हो गईं। नतीजतन, जन्माष्टमी पर्व पर कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे। सर्वाधिक संकट शाम 5 बजे से रात 9 बजे के बीच देखने को मिला। रविवार को भी उमस के बीच बिजली की आवाजाही ने लोगों को परेशान किया।
आलमबाग स्थित सम्पूर्णानंद उपकेंद्र के छोटा बरहा और शांतिनगर समेत कई इलाकों में इतनी बार लीड जलने और फ्यूज उड़ने की घटनाएं हुईं कि कर्मचारी बार-बार तार बदलते-बदलते थक गए।
राजाजीपुरम पाल तिराहा उपकेंद्र के तहत शीला गार्डन में शनिवार को एबी केबल जलने से 400 केवी ट्रांसफॉर्मर ठप हो गया, जिससे शाम 4 से 5 बजे और रात 12:30 से 2:15 बजे तक बिजली गुल रही। आशियाना क्षेत्र में दोपहर से शुरू हुआ बिजली कटौती का सिलसिला देर रात एक बजे तक चला। इससे रजनीखंड, रुचिखंड, रश्मिखंड, एल्डिको और आसपास के मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या भी बनी रही।
विश्वविद्यालय उपकेंद्र के बसेरा न्यू हैदराबाद और आसपास के इलाकों में भी घंटों बिजली गुल रहने से लोगों में नाराजगी रही। जिम्मेदार अफसरों ने बताया कि उमस बढ़ने से एसी और कूलर की खपत अचानक बढ़ गई, जबकि बारिश के दौरान इनका इस्तेमाल कम था। इसी से आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ा।
विधायकपुरम फीडर का तार टूटा
रविवार को पूर्वाह्न पौने 12 बजे गोमतीनगर के विधायकपुरम फीडर का तार मिनी स्टेडियम के पास टूट गया। इससे विनयखंड एक, तीन और विधायकपुरम क्षेत्र की आपूर्ति 30 मिनट तक ठप रही। इसी दौरान मंत्री आवास फीडर को नए केबल से जोड़ने के लिए विभूतिखंड की सप्लाई भी प्रभावित रही।
इन इलाकों में भी बिजली संकट
लाइन टूटने से राधा ग्राम और मिश्री बाग
चंदरनगर उपकेंद्र के शक्तिनगर, बड़ा बरहा, नटखेड़ा रोड
माल, आलमबाग न्यू, राजाजीपुरम न्यू और महानगर में 33 केवी की लाइन फेल
नादरगंज स्थित मानसरोवर कॉलोनी और रतनखंड
बिजली ने व्यापार किया बेकार
रविवार को अमीनाबाद के 200 से ज्यादा व्यापारियों को ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण करीब पांच घंटे बिजली संकट से रूबरू होना पड़ा। इससे व्यापार पूरी तरह बेकार हो गया। व्यापारियों ने बताया कि दोपहर एक बजे झंडेवाला पार्क के पास की दुकानों की बिजली गुल हो गई। यह बिजली शाम छह बजे चालू हुई। इस बाबत एक्सईएन सुशील कुमार से जानकारी लेने के लिए उन्हें कॉल की गई, मगर कोई रिस्पांस नहीं मिला।