लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम सेमेस्टर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 26 जुलाई की शाम छह बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विद्यार्थी आवेदन फॉर्म बीबीएयू की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। विवि प्रशासन ने भी गूगल फॉर्म का लिंक विद्यार्थियों के पंजीकृत ई-मेल पर भेज दिया है। यह लिंक बीबीएयू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ही है। सभी पात्र विद्यार्थियों से तय समयसीमा में आवेदन करने का निर्देश दिया गया है। आवेदन लिंक ई-मेल के इनबॉक्स में नहीं मिलता है तो विद्यार्थियों को स्पैम फोल्डर की जांच करने की सलाह दी गई है। छात्रों के मूल आवास से दूरी के आधार पर छात्रावास आवंटन में प्राथमिकता मिलेगी।