लखनऊ। दिव्यांग छात्राओं के लिए प्रदेश सरकार ने निशुल्क ई ट्राइसाइकिल योजना शुरू की है। इसके तहत लखनऊ के नौ विधानसभा क्षेत्रों में 20-20 ई ट्राइसाइकिल बांटी जाएंगी। इस तरह जिले की कुल 180 पात्र छात्राओं को लाभ मिलेगा। योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी शशांक सिंह ने बताया कि योजना का लाभ 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की उन दिव्यांग छात्राओं को मिलेगा, जो स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, मेडिकल या अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रही हैं। ई-ट्राइसाइकिल की अधिकतम कीमत 65 हजार रुपये तय की गई है। लाभार्थी का दिव्यांग प्रमाणपत्र, चिकित्सकीय रूप से ई-ट्राइसाइकिल चलाने की क्षमता तथा अन्य मानकों को पूरा करना आवश्यक होगा।
लाभार्थियों के चयन में बीपीएल परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के पोर्टल https://divyangjanup.upsdc.gov.in पर आवेदन किए जा सकेंगे। इसमें असुविधा होने पर अभ्यर्थी जन सेवा केंद्र या जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय से भी सहायता ले सकते हैं।