लविवि में पीएचडी विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल आवंटन शुरू
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 14 जुलाई से होने जा रही है। इसी के साथ पीएचडी छात्रों के लिए छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इच्छुक विद्यार्थियों को 11 जुलाई तक एचएमएस पोर्टल के माध्यम से 50 रुपये शुल्क जमा कर पंजीकरण करना होगा।
डीएसडब्ल्यू प्रो. वीके शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को अपनी प्रथम/अंतिम फीस रसीद एवं अन्य जरूरी दस्तावेज एचएमएस एप पर अपलोड करने होंगे। इस बार प्रोवोस्ट रिकमेंडेशन लेटर छात्रों से नहीं लिया जाएगा। यह संस्तुति पत्र सीधे प्रोवोस्ट की ओर से डीएसडब्ल्यू कार्यालय को भेजा जाएगा।
योग्य छात्रों की सूची अंतिम तिथि के बाद विवि की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी और चयनित अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से ऑनलाइन फीस जमा करने की सूचना दी जाएगी। तय समय सीमा में फीस न जमा करने पर हॉस्टल आवंटन रद्द माना जाएगा। मेस शुल्क और कॉशन मनी संबंधित छात्रावास के बैंक खाते में ही जमा करनी होगी। चीफ प्रोवोस्ट प्रो. अनूप कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक एवं परास्नातक छात्रों के लिए भी आवंटन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
लविवि में पीएचडी विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल आवंटन शुरू