लखनऊ। मोहनलालगंज स्थित विद्या नर्सिंग अस्पताल का डायग्नोस्टिक सेंटर हाईटेंशन लाइन के नीचे चल रहा था। फायर विभाग के निरीक्षण में यह गंभीर सुरक्षा खामी सामने आई। सुरक्षा मानकों के लिहाज से गंभीर खामी मिलने के बावजूद अस्पताल पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि संबंधित हिस्से को खाली करने की हिदायत देकर मामला टाल दिया गया।
फायर विभाग की टीम मोहनलालगंज में विद्या हॉस्पिटल पहुंची। टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना में पंजीकृत अस्पताल का जायजा लिया। पीजीआई एफएसओ मॉम चंद बड़गुजर ने बताया कि ज्यादातर बिल्डिंग हाईटेंशन लाइन से बाहर हैं। केवल डायग्नोस्टिक सेंटर वाली एक बिल्डिंग ही हाईटेंशन लाइन के नीचे थी। सुरक्षा के मद्देनजर इस हिस्से को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल के बाकी हिस्से पर फायर एनओसी की अनिवार्यता लागू नहीं होती। यह हिस्सा 15 मीटर ऊंचाई और 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के मानक में नहीं आता। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए हैं।