लखनऊ। हैदरगंज तिराहा स्थित कैफे की आड़ में हुक्का बार चलता पाया गया। पुलिस ने छापा मारकर वहां से दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। मौके से पांच हुक्के, चिलम, पाइप, फ्लेवर्ड तंबाकू, चारकोल और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर हुक्का बार के तीन संचालकों की तलाश कर रही है।
डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि हैदरगंज तिराहा स्थित गोटिड कैफे में चल रहे हुक्का बार की सूचना मिली थी। छह अप्रैल को बाजारखाला पुलिस की टीम ने वहां छापा मारा और बाजारखाला भदेवां निवासी आशीष तिवारी और जय साहू को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बताया कि कैफे के मालिक फरहान अली, फैजान और सऊद हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी वहीं पर हुक्का परोसने का काम करते हैं।
इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह ने बताया कि आरोपियों से लाइसेंस मांगा गया तो वे नहीं दिखा सके। दरोगा शिवानंद की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ बाजारखाला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।