लखनऊ। कैसरबाग पुलिस ने रविवार रात कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का बार में छापा मारा। नाबालिगों को हुक्का परोस रहे तीन कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कैफे संचालक व तीन पकड़े गए कर्मियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है।
इंस्पेक्टर अंजनी मिश्र ने बताया कि रविवार रात करीब 10:30 बजे पुलिस को नजीराबाद में स्थित एसके कैफे की आड़ में हुक्का बार चलाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां कई नाबालिग हुक्का पीते मिले। पुलिस ने हुक्का पी रहे नाबालिगों को हिदायत देकर छोड़ दिया। साथ ही हुक्का परोस रहे कैफे कर्मचारी हजरंतगंज निवासी शुभम सिंह, हसनगंज निवासी यश सोनकर और कैसरबाग निवासी सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया। शुभम ने पूछताछ में बताया कि हुक्का बार आशियाना निवासी तनवीर का है। मौके से आठ हुक्के, छह खाली चिलम, दो पैकेट फ्लेवर्ड तंबाकू और कोयला बरामद हुआ।