सामाजिक विभूतियों को मिला गंगा भूषण सम्मान। स्वयं
लखनऊ। विश्व नदी दिवस के अवसर पर गंगा समग्र अवध प्रांत, लखनऊ महानगर के तत्वावधान में राजाजीपुरम स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पार्क के पास रविवार को गोमती आराधना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें आदि गंगा गोमती आराधना मंच ने भी सहभागिता की।
इस अवसर पर गंगा, यमुना और गोमती जैसी पवित्र नदियों के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर सामूहिक संकल्प लिया गया। गंगा समग्र के संस्थापक सदस्य विश्वनाथ खेमका, विजय दीक्षित, डॉ. विवेक तागड़ी, डॉ. ऋतु जैन, विश्व देव राव, डॉ. सरला शर्मा एवं अखिलेश जायसवाल को पर्यावरण एवं जल संरक्षण में योगदान के लिए गंगा भूषण सम्मान से नवाजा गया।
वक्ताओं ने नदियों को जीवन रेखा बताते हुए कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों का संरक्षण केवल धार्मिक दृष्टि से नहीं, बल्कि पर्यावरणीय एवं सामाजिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत आवश्यक है। संचालन प्रांतीय सह-संयोजक अनुराग पाण्डेय ने किया। इस दौरान प्रचार आयाम की प्रांतीय सह प्रमुख श्वेता सिंह, जल निकास आयाम से गौरव दीक्षित, राजेश शुक्ला, पंकज शुक्ला और लखनऊ पश्चिम संयोजक अरविन्द जायसवाल आदि मौजूद रहे।