लखनऊ। बेहतर काम के लिए मंडलायुक्त रोशन जैकब ने बृहस्पतिवार को निवर्तमान नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विदाई के इस मौके पर डीएम और एलडीए वीसी भी मौजूद रहे।
इंद्रजीत सिंह का स्थानांतरण विशेष सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग व निदेशक, यूपीनेडा एवं प्रबंध निदेशक,यूपी रेन्युवल एंड ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के पद पर हुआ है।
मत्स्य पालकों को योजनाओं के बारे में करें जागरूक
मंडलायुक्त ने मत्स्य विभाग की तीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। मत्स्य पालकों को जिले के अन्य प्रगतिशील मत्स्य पालकों के तालाबों पर भ्रमण कराकर योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। मंडलीय अधिकारी डॉ. हरेंद्र प्रसाद समेत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने काकोरी रहमानखेड़ा स्थित केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान का भी निरीक्षण किया। आम का निर्यात बढ़ाने के लिए निर्यातकों और विदेशी खरीदरों के साथ समन्वय बनाकर किसानों को फसल का उचित मूल्य और वैश्विक पहचान दिलाने का सुझाव दिया।