यूपी बोर्ड में होम साइंस का सेकंड पेपर बाराबंकी के गायत्री देवी इंटर कॉलेज राजेपुर, थोरथिया में एक दिन पहले ही आउट हो गया। इसकी परीक्षा बृहस्पतिवार को होनी है।
बुधवार को पहली पाली में इंटर में चित्रकला व रंजनकला के सेकंड पेपर के दौरान होमसाइंस के पेपर बांट दिए गए।
इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक राम शरण सिंह ने केंद्र व्यवस्थापक व पर्यवेक्षक समेत पांच लोगों के खिलाफ रामसनेहीघाट कोतवाली में केस दर्ज कराया।
इसकी सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र इलाहाबाद को दी है। डीआईओएस ने बताया कि रात तक होम साइंस सेकंड पेपर का दूसरा सेट मिल जाएगा।
बृहस्पतिवार को पेपर अपने तय समय पर होगा। इस परीक्षा केंद्र को ब्लैक लिस्ट करने की सिफारिश कर दी गई है।
केंद्र पर पेपर आउट होने की सूचना पर मिलने पर पहुंचे डीआईओएस ने परीक्षार्थियों को बांटे गए सभी पेपर तुरंत जमा करा लिए।
कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक की तहरीर पर केंद्र व्यवस्थापक समेत पांच पर सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।