शपथ दिलाते डीजी सूर्य कुमार शुक्ला।
लखनऊ विश्वविद्यालय में पिछले हफ्ते आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उत्तर प्रदेश होम गार्ड के डीजी सूर्य कुमार शुक्ला कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ राम मंदिर निर्माण की शपथ ले रहे हैं।
इस वीडियो के वायरल होने से डीजी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि इस मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के वीडियो को सनसनीखेज बनाने के लिए आधा-अधूरा इस्तेमाल किया जा रहा है। वीडियो से उन अंशों को हटा दिया गया है जिनमें कोर्ट के आदेशानुसार मंदिर निर्माण की बात की गई है।
बता दें कि 28 जनवरी को लखनऊ विश्वविद्यालय के डीपीए सभागार में अखिल भारतीय समग्र विचार मंच द्वारा 'राम मंदिर निर्माण समस्या एवं समाधान' विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया था। इसमें होमगार्ड के डीजी सूर्य कुमार शुक्ला, मुस्लिम राम मंदिर निर्माण मंच के अध्यक्ष आजम खां समेत कई संत मौजूद थे।
वीडियो में सूर्य कुमार सभी के साथ राम मंदिर निर्माण की शपथ लेते हुए कह रहे हैं कि 'हम सब राम भक्त, आज इस कार्यक्रम के दौरान ये संकल्प लेते हैं कि जल्द से जल्द राम मंदिर का भव्य निर्माण हो।' शपथ के बाद 'जय श्री राम' के नारे भी लगाए गए।
वहीं आजम खान ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए हिन्दुओं को जागरुक होने की जरुरत हैं। अगर 100 करोड़ हिन्दुओं के होते हुए भी राम मंदिर का निर्माण नहीं हो रहा है तो यह सोचने की बात है।
राम यूपी के हैं इसलिए यहां के लोगों में उनको लेकर जागरुकता नहीं है। साउथ और गुजरात के हिंदुओं को जाकर देखें उनके लिए राम की आस्था कितनी है।