लखनऊ। राजधानी में चौपटिया की होली दूर-दूर तक मशहूर है। 52 वर्ष से चली आ रही यह परंपरा इस बार भी धूमधाम से निभाई जाएगी। शुभ संस्कार समिति की ओर से चौपटिया से होली का जुलूस निकाला जाएगा। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि चार मार्च को सुबह 9:30 बजे कक्कड़ पार्क चौपटिया से जुलूस शुरू होगा।
समिति के महामंत्री रिद्धि किशोर गौड़ ने बताया कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है। जुलूस का 70 फीसदी हिस्सा मुस्लिम इलाकों से निकलता है और हमेशा की तरह इस बार भी गंगा-जमुनी संस्कृति की झलक यहां देखने को मिलेगी। मुस्लिम वर्ग भी होली बरात का जगह-जगह स्वागत करेगा। समिति के उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि जुलूस चौपटिया से भोलेनाथ कुआं, अकबरी गेट, विक्टोरिया स्ट्रीट, मेडिकल चौराहा होते हुए चौक पहुंचेगा और हरदोई रोड होते हुए चौपटिया पर ही संपन्न होगा। रिद्धि गौड़ ने बताया कि बरात में राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और विधायक नीरज बोरा शामिल होंगे।