रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को बंदी को मिर्च पाउडर देने वाले हिस्ट्रीशीटर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। नसीराबाद थाना क्षेत्र के हाजीपुर निवासी सैफ उर्फ इमरान साल 2020 से हत्या व चोरी के मामले में जिला कारागार रायबरेली में बंद है।
सोमवार को उसे पेशी पर दीवानी कचहरी स्थित कोर्ट लाया गया था। पेशी के बाद इमरान को लॉकअप ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बंदी ने सिपाही हिमांशू सिंह के आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर भागने की कोशिश की थी। अन्य पुलिस कर्मियों ने वकीलों की मदद से उसे पकड़ लिया था।
पूछताछ में इमरान ने बताया कि शहर के खालीसहाट निवासी अमर उर्फ आसिफ ने इमरान को सिपाही की आंखों में झोंकने के लिए मिर्च पाउडर दिया था। आसिफ तीन दिन पहले ही जेल से छूटा था। सिपाही की तहरीर पर बंदी इमरान व उसके साथी आसिफ के खिलाफ मिर्च झोंकने, साजिश रचने का केस दर्ज किया गया था।
सीओ सदर अमित सिंह ने बताया कि आसिफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह सदर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर में कुल 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।