इंदिरा नगर में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा देकर निकलती छात्राएं।
लखनऊ। यूपी बोर्ड की शनिवार को आयोजित हाईस्कूल गृह विज्ञान और इंटरमीडिएट इतिहास विषय की परीक्षा में विद्यार्थियों को किताबों के साथ-साथ जीवन से जुड़े सवालों का भी सामना करना पड़ा। कहीं प्राचीन हड़प्पा सभ्यता की आधुनिक नगर योजना पर प्रश्न थे तो कहीं बदलती खानपान की आदतों और फास्ट फूड के दुष्प्रभावों पर सोचने को मजबूर करने वाले सवाल।
द्वितीय पाली में कक्षा 12वीं की इतिहास की परीक्षा थी। छात्रा अंजली राजपूत ने बताया कि हड़प्पा सभ्यता के शहरों में बारिश के दौरान जलभराव से निपटने की सुव्यवस्थित जलनिकास प्रणाली को मानचित्र में दर्शाने का प्रश्न पूछा गया। इसके अलावा सम्राट अशोक द्वारा बौद्ध धर्म के प्रचार के उपाय, हड़प्पा काल के प्रमुख अनाज, संविधान सभा तथा महात्मा गांधी की डांडी यात्रा से जुड़े प्रश्न भी शामिल रहे। परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को ज्ञानवर्धक और विश्लेषणात्मक बताया।
वहीं, हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा में फास्ट फूड के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों से जुड़े सवाल प्रमुख रहे। छात्रों के अनुसार प्रश्नपत्र दैनिक जीवन से जुड़ा और व्यावहारिक समझ को परखने वाला था।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पहली पाली में 17,252 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 16,354 उपस्थित और 898 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 5,512 में से 5,290 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 222 ने परीक्षा छोड़ दी।
केंद्रों पर कड़ी निगरानी और व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।