सूबे के दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर हाईवे पुलिस का गठन होगा। इनमें पहला राष्ट्रीय राजमार्ग-25 लखनऊ से कानपुर है। जबकि दूसरा राष्ट्रीय राजमार्ग-2 मथुरा से चंदौली का है।
इन पर हर 40 किलोमीटर की दूरी पर ट्रैफिक आउटपोस्ट बनाए जाएंगे। ये ट्रैफिक आउटपोस्ट यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी करेंगे। दुर्घटना होने पर हाईवे पुलिस घायलों की सहायता के साथ उन्हें पास के अस्पताल भी पहुंचाएगी।
विश्व बैंक की सहायता से गठित होने वाले इस हाईवे पुलिस की कमान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात के पास होगी। हाईवे पुलिस का गठन भी सड़क सुरक्षा नीति का हिस्सा है।
पुलिस महानिरीक्षक यातायात विजय प्रकाश ने बताया कि हाईवे पुलिस का कमांड सेंटर यातायात निदेशालय लखनऊ में स्थापित होगा। इसके अधीन दो सब कमांड सेंटर इलाहाबाद व आगरा में स्थापित किए जाएंगे। सब कमांड अपर पुलिस अधीक्षक के नियंत्रण में काम करेगा।