हाईस्कूल के छात्रों ने पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र 11 वर्षीय हर्ष को अगवाकर लिया। घर पर फोन कर पांच लाख की फिरौती मांगी। पुलिस इस मामले में सक्रिय हुई तो मोबाइल फोन बंद कर दिया। हर्ष को चाकू, कैंची और ब्लेड से हमलाकर मरणासन्न कर फरार हो गए।
पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह कांशीराम कॉलोनी के एक बंद घर से हर्ष को बरामद किया है। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। मौके से मोबाइल सिम, साइकिल, कैंची, ब्लेड व रस्सी बरामद हुई है। पुलिस ने हाईस्कूल के दो छात्रों को गिरफ्तार किया है जबकि एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के दंत धावन कुंड निवासी व्यापारी रंगनाथ आचारी का बेटा हर्ष उर्फ नीशू रामघाट स्थित परमा एकेडमी का छात्र है। बुधवार शाम वह रानीबाजार निवासी नवमी शर्मा के पुत्र से रामघाट स्थित कांशीराम कालोनी निवासी उमाशंकर सिंह के बेटे का मोबाइल लाया था।
शाम को हर्ष के पिता ने उसे मोबाइल लाने के लिए डांटा तो वह वापस करने चला गया। काफी देर तक नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू हुई। इसी बीच, रंगनाथ को किसी ने फोन कर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। रंगनाथ ने तब एक लाख रुपये देने की बात कही।