मोहनलालगंज। तहसील परिसर शुक्रवार को अचानक वकीलों के चैंबरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने लगा। इससे वकीलो के कई चैंबरों में लगे पंखे, कूलर, इनवर्टर और महंगे प्रिंटर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए।
महेश के चैंबर में अचानक जोरदार शाॅर्ट-सर्किट हुआ, जिससे तार जलने लगी। आग की लपटें उठने पर अधिवक्ताओं ने चैंबरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वकील रमाकांत मिश्रा के चैंबर में रखा प्रिंटर, वकील चेतराम गुप्ता का कूलर जल गया। उपकरण और कागज-पत्र जल जाने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली सप्लाई में अचानक आए हाई वोल्टेज की वजह से पूरे परिसर के चैंबर प्रभावित हो गए। उधर, मोहनलालगंज के एक्सईएन एसके सिंह ने बताया कि किसी तकनीकी खामी के कारण हाईवोल्टेज की घटना हुई, जिसकी जांच की जा रही है।
रहमानखेड़ा में फॉल्ट से बिजली गुल
मलिहाबाद खंड के तहत रहमानखेड़ा उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में आए फॉल्ट के कारण बिजली गुल हो गई। हालांकि, दूसरे स्रोत से गांवों की बिजली को चालू कर दिया गया। वहीं फॉल्ट स्थल पर केबल को सही करने का काम देर रात तक होता रहा। वहीं, चिनहट शिवपुरी उपकेंद्र के 11केवी सिल्वर लाइन अपार्टमेंट की केबल काटे जाने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।