राजधानी लखनऊ में बुधवार की रात तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि, पति और बेटा-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा मड़ियांव क्षेत्र के मोहिबुल्लाह रेलवे स्टेशन के पास हुआ। हादसे में क्षेत्र के ही फैजुल्लागंज निवासी शिवानी शाह गुप्ता (22) की मौत हुई है। जबकि बेटा युवान, छह महीने की बेटी काव्या और पति रंजीत गंभीर रूप से घायल हैं। देवर आकाश ने बताया कि स्टेशन के पास तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहे कार चालक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
सीसीटीवी की मदद से आरोपी पर कार्रवाई की मांग
इसके बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से भाग निकला। मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया कि भाई रंजीत घर के पास ही फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। आकाश ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।