बख्शी का तालाब। सीतापुर हाईवे पर एयरफोर्स स्टेशन मोड़ के पास बुधवार रात कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार शिंपी (22) की मौत हो गई। हादसे में उनकी ननद कोमल और देवर अमन घायल हो गए। शिंपी की गोद में मौजूद पांच माह के बेटे आर्यन को मामूली खरोंच आई।
जानकीपुरम सेक्टर-6 निवासी शिंपी के पति अरुण कश्यप ई रिक्शा चलाते हैं और मूलरूप से सीातापुर के मिश्रिख के निवासी हैं। अरुण के अनुसार, बेटे आर्यन की तबीयत खराब होने पर पत्नी शिंपी, भाई अमन, बहन कोमल और बेटे के साथ सीतापुर दवा लेने गई थी। रात करीब 10:30 बजे लौटते समय एयरफोर्स स्टेशन मोड़ के पास कार उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक कार में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने घायलों को राम सागर मिश्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिंपी को मृत घोषित कर दिया। कोमल, अमन व आर्यन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि कार चालक लक्ष्य मिश्रा को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बेटे को गोद में चिपकाए रही मां
कार की टक्कर लगते ही शिंपी ने मासूम बेटे आर्यन को गोद में कसकर चिपका लिया। इसी वजह से आर्यन को मामूली चोट लगी। शिंपी की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी।