सरोजनीनगर। बंथरा इलाके में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में राहुल गौतम (23) की मौत हो गई। सिर पर आई चोट मौत का कारण बनी। हादसे के वक्त राहुल हेल्मेट नहीं लगाए था।
बंथरा के गुलाबखेड़ा गांव निवासी महेश गौतम ने बताया कि बेटा राहुल मजदूरी करता था। सुबह करीब नौ बजे वह बाइक से दही लेने कासिम खेड़ा तिराहे जा रहा था। बंथरा-बिजनौर रोड पर दुदइया खेड़ा स्थित ग्लोरी पब्लिक स्कूल के पास सामने से आ रहे वाहन से बचने के चक्कर में उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में राहुल बुरी तरह घायल हो गया।
राहगीरों से सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने उसे सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लोगों का कहना है कि राहुल ने हेलमेट लगाया होता तो शायद जान बच जाती। मां गुड़िया, दो बहनों व भाई का रो-रो कर बुरा हाल था। इंस्पेक्टर बंथरा राणा राजेश सिंह ने बताया कि परिजन ने तहरीर नहीं दी है।