अगर आपने सीने में दर्द हो रहा है तो इसकी वजह सिर्फ एसिडिटी ही न समझिए। यह हृदय रोग का लक्षण भी हो सकता है। कहीं, ऐसा न हो कि आप देर कर दें तो बीमारी और बढ़ जाए। राजधानी के चिकित्सक कहते हैं कि आज भी लोग ऐसा ही मानते हैं और डॉक्टर के पास नहीं जाते।
वे चेताते हैं कि दर्द अगर जबड़े से नाभि तक (हाथों सहित) शरीर के किसी भी हिस्से में 15 मिनट से अधिक समय तक बना रहे तो यह हल्के हार्ट अटैक या हृदय रोग का लक्षण हो सकता है।
एसजीपीजीआई के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुदीप कुमार आगाह करते हैं कि खुद इस निर्णय में न उलझें कि दर्द हार्ट अटैक का है या एसिडिटी का। इसे फिजिशियन को ही तय करने दें।
डॉ. सुदीप ने बताया कि हार्ट अटैक के ऐसे कई मामले सामने आए जब मरीज को लाने में देरी की गई। इसके चलते उसके हृदय को नुकसान बढ़ चुका था।
डॉ. सुदीप के अनुसार ऐसा दर्द लोकलाइज नहीं होता। यानी, उसे पहचाना नहीं जा सकता कि शरीर के किस निश्चित बिंदु पर दर्द हो रहा है। यह गैस या एसिडिटी में होने वाले दर्द से मिलता-जुलता है, इसलिए भ्रम की स्थिति बन सकती है। भ्रमित होने से बेहतर है कि सीधे चिकित्सक के पास पहुंचा जाए।