लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में जल्द ही छात्राें के लिए हेल्थ लैब की शुरुआत होने जा रही है। यहां छात्रों के स्वास्थ्य का पूरा चेकअप हो सकेगा। साथ ही साइकिलिंग आदि की भी सुविधा दी जाएगी। इस प्रस्ताव पर कला संकाय बोर्ड की बैठक में मुहर लगी है। विद्या परिषद व कार्य परिषद की हरी झंडी के बाद इसे प्रभावी बनाया जाएगा।
विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में पहले से हैप्पी थिंकिंग लैब चल रही है। यहां छात्रों का मानसिक तनाव कम किया जाता है। अब यहां हेल्थ लैब शुरू होगी। इसमें छात्र शुगर, बीपी आदि की जांच करा सकेंगे। उनको स्वास्थ्य परामर्श भी दिया जाएगा। डीन कला संकाय प्रो. प्रेम सुमन शर्मा की अध्यक्षता में हुई फैकल्टी बोर्ड की बैठक में विभाग के इस प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई।
वहीं सांख्यिकी विभाग में एमए-एमएससी इन एक्चुरियल स्टेटिस्टिक्स शुरू करने पर भी सहमति बनी। सबसे पहले यह कोर्स पुणे विश्वविद्यालय ने शुरू किया था। इसकी पढ़ाई करने वाले छात्रों को डेटा एनालिसिस आदि के क्षेत्र में विशेषज्ञता मिलेगी। इसी क्रम में फैकल्टी बोर्ड ने एमए समाजशास्त्र द्वितीय वर्ष में सोशियोलॉजी ऑफ जेंडर को एक पेपर के रूप में शामिल करने और कुछ डिप्लोमा कोर्स की फीस कम करने पर सैद्धांतिक सहमति दी।